
नारायणपुर जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा जिला कार्यालय में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर, पुस्तक भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और आगे भी निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया।
नारायणपुर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में जिले के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। कलेक्टर नम्रता जैन ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना की।
कक्षा 10वीं के उत्कृष्ट विद्यार्थियों में विश्वदीपति हाई स्कूल नारायणपुर की भाविका देवांगन ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके साथ ही शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कविता कोर्राम (94%), सिद्धार्थ सिंह राणा (93.50%), अन्वेषा यादव (92.33%), अमित कुमार वड्डे (92%), रोशन दुग्गा (89.67%), कारण कुमार (89.33%), निर्मला (89.33%), हिमांशु समर्थ (89.17%), वर्षा निषाद (88.67%) और चंद्रकांता कश्यप (88.50%) को भी सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर की मुस्कान पटेल ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा मोक्षिता कश्यप (88.60%), रोशनी पांडे (88.60%), रामसिंह उसेंडी (88.40%), कुमकुम देवांगन (87.40%), सावित्री (87%), मुस्कान कोर्राम (86.60%), राधिका पटेल (86.60%), निखिल रावटे (86.20%) और दर्शिक काटले (85.80%) को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करते रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नारायणपुर में मेधावी विद्यार्थियों का यह सम्मान समारोह न केवल उनके लिए गौरव का क्षण बना, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित हुआ। जिला प्रशासन की यह पहल शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
