
नारायणपुर जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नुक्कड़ नाटक और एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 को लेकर रणनीतिक स्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है। अभियान के तहत हाट-बाजार, ग्राम पंचायत, शैक्षणिक संस्थान और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जनगणना का महत्व पहुंचाया जा सके।
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनमें नायब तहसीलदार ओरछा विजय कुमार साहू, प्रभारी तहसीलदार छोटेडोंगर वेदप्रकाश साहू, तहसीलदार कोहकामेटा डॉ. मोहम्मद एजाज हाशमी, नगरपालिका अधिकारी रामचन्द्र यादव और तहसीलदार नारायणपुर सौरभ चौरसिया शामिल हैं। ये सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों की निगरानी और संचालन सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 07 मई, गुरुवार को ओरछा और छोटेडोंगर में, 08 मई, शुक्रवार को कुतुल बाजार, कोहकामेटा और सोनपुर में तथा 09 मई, शनिवार को सब्जी मार्केट, पुराना बस स्टैंड, जिला मुख्यालय और बेनूर क्षेत्र में जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों के दौरान प्रातःकालीन सत्र के साथ-साथ दिनभर विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक, एलईडी वैन के जरिए प्रचार-प्रसार और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्थानीय स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि हर नागरिक तक जनगणना से जुड़ी जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

आदर्शवाणी समाचार : जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जनगणना 2027 को लेकर हर नागरिक जागरूक और सहभागी बने। यह अभियान न केवल सरकारी प्रक्रिया को सफल बनाने में मदद करेगा, बल्कि जिले के समग्र विकास के लिए सटीक आंकड़ों के संग्रह में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
