पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, लेकिन जब यही कलम डर और वसूली का औज़ार बन जाए, तो समाज के लिए खतरा बन जाती है। नारायणपुर जिले में ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पत्रकार होने का दबाव बना कर झूठी और नकारात्मक खबरों से बदनाम करने की धमकी देकर अवैध वसूली की जा रही थी। पुलिस ने समय रहते शिकंजा कसते हुए दो ऐसे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो खुद को नामी-गिरामी मीडिया संस्थानों से जुड़ा बताकर लोगों को डराते थे।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में अपराधों पर लगातार प्रहार कर रही नारायणपुर पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है। आरोप है कि दोनों आरोपी स्वयं को “स्वदेश न्यूज़ इंडिया 24 न्यूज़”, “ग्रैंड न्यूज़”, “सीजी वार्ता” और “भारत भास्कर समाचार चैनल” जैसे नामों से जुड़ा पत्रकार बताकर शिक्षकों को निशाना बना रहे थे।
तरीका बेहद शातिर था—
पहले झूठी और नकारात्मक खबर गढ़ने की धमकी,
फिर बदनामी का डर,
और अंत में मोटी रकम की मांग।
इस पूरे खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब 7 जनवरी 2026 को शिक्षक भुनेश्वर कर्मा ने थाना नारायणपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विवेचना शुरू की। जांच में सामने आया कि यह कोई एक मामला नहीं, बल्कि कई शिक्षकों के साथ इसी तरह की वसूली की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
गेंद लाल मरकाम उर्फ गोलू मरकाम (32 वर्ष)
संतोष नाग (40 वर्ष)
के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों को 16 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों और पीड़ितों की भी पड़ताल कर रही है।
नारायणपुर पुलिस की यह कार्रवाई उन सभी लोगों के लिए कड़ा संदेश है, जो पत्रकारिता की आड़ में डर, झूठ और वसूली का धंधा चला रहे हैं। यह मामला बताता है कि कानून की नजर से कोई भी बच नहीं सकता—चाहे वह खुद को पत्रकार ही क्यों न बताए।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक पीयूष कटियार, उप निरीक्षक राजकुमार राय, सहायक उप निरीक्षक गणेश मांडवी, प्रधान आरक्षक राकेश राजपूत एवं आरक्षक शंकर गोटा की अहम भूमिका रही।
👉 सच्ची पत्रकारिता पर भरोसा कायम रखने और फर्जी कलमकारों पर लगाम कसने की दिशा में यह कार्रवाई एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के बाद दिनांक 17 जानवरी 2026 को नवीन जानकारियों से अपडेट किया गया है……
